मध्य प्रदेश के शाजापुर में महाराणा प्रताप की जयंती मनाए जाने को लेकर हिंसक विवाद की खबर आ रही है। मामला नया सड़क एरिया का बताया जा रहा है। यहां महाराणा प्रताप की जयंती मनाई जा रही थी जिस पर पथराव किया गया। इस पथराव के बाद मामला हिंसक हो गया। असमाजिक तत्वों ने दुकानों में तोड़फोड़ की और वाहनों को आग लगा दी। हिंसक वारदात होने के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। इलाके में धारा 144 लगा दी है। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर शौर्य यात्रा का कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम के दौरान कुछ असमाजिक लोगों ने पथराव किया। इसके बाद यह मामला इतना बढ़ गया कि दुकानों में तोड़फोड़ की गई और गाड़ियों को आग लगा दी गई। फिलहाल स्थिति को कंट्रोल करते हुए पुलिस एक स्थान पर चार लोगों को एकत्र नहीं होने दे रही है। बताया जा रहा है कि शौर्य यात्रा नई सड़क से बस स्टैंड की तरफ जा रही थी। भूतेश्वर महादेव मंदिर के पास ईद को लेकर एक मंच लगा था। इस मंच पर गाने बज रहे थे। शौर्य यात्रा भी यहीं से गुजरने वाली थी जिसे लेकर पुलिस ने युवाओं से साउंड कम करने के लिए कहा। इस पर वो विवाद करने लगे। पुलिस के साथ हुए इस विवाद के बीच पिछली गली से कुछ उपद्रवियों ने जुलूस पर पथराव कर दिया। इस पथराव के बाद अफरा तफरी मच गई। पत्थर बाजी में आधा दर्जन से लोग घायल हो गए। मौके का फायदा उठाते हुए कुछ लोग हथियार लेकर सड़क पर आ गए। उपद्रवियों को भगाने के लिए पुलिस को करीब 20 मिनट तक आंसू गैस के गोले दागने पड़े। भागते हुए इन उपद्रवियों ने 5 बाइक और एक ऑटो में आग लगा दी।